અનુયાયીઓ

ગુરુવાર, 9 જૂન, 2011

खेल मंत्रालय ने लंदन में होने वाले ओपैक्‍स 2012 खेलों के लिए एथलीटों को तैयार करने के लिए 258.39 करोड़ रुपए मंजूर किए

खेल मंत्रालय ने लंदन ओलम्‍पिक्‍स के लिए ओपैक्‍स 2012 परियोजना के अधीन एथलीटों को तैयार करने के लिए 258.39 करोड़ रुपए निर्धारित किए हैं। इस बारे में युवा मामले और खेल राज्‍य मंत्री (स्‍वतंत्र प्रभार) श्री अजय माकन ने आज यहां एक संवाददाता सम्‍मेलन में घोषणा की।

इस बारे में और ब्‍यौरा देते हुए श्री माकन ने कहा कि अप्रैल 2011 से अगस्‍त 2012 अवधि के लिए लगभग 258.39 करोड़ रुपए निर्धारित किए गए हैं, जो कि राष्‍ट्रमंडलीय खेल 2010 के आधारों के समकक्ष हैं। उन्‍होंने कहा कि ओलम्‍पिक्‍स की तैयारी पर नजर रखने के लिए 28 विदेशी कोच और 32 पर्यवेक्षकों का चयन किया गया है और एथलीटों के लिए भोजन की पौष्‍टिकता सुनिश्‍चित करने के लिए तीन सदस्‍यों की एक पृथक समिति भी गठित की गई है। श्री माकन ने कहा कि इसके लिए राष्‍ट्रीय प्रशिक्षण शिविर लगाए जाएंगे और सभी खेल प्रतियोगिताओं में एथलीटों का अन्‍तर्राष्‍ट्रीय स्‍तर सुनिश्‍चित करने का प्रयास किया जाएगा। साथ ही तैराकी के लिए राष्‍ट्रीय प्रशिक्षण शिविर इस महीने की 15 तारीख से आयोजित किए जाएंगे।

मंत्री महोदय ने यह भी जानकारी दी कि विदेशों में भागीदारी के लिए टीमों और खिलाड़ियों के चयन का काम मंत्रालय ने भारतीय खेल प्राधिकरण को अप्रैल 2011 से सौंपा दिया गया है।

लंदन ओलंपिक्स 2012 लंदन में 27 जुलाई, 2012 से 13 अगस्‍त, 2012 तक आयोजित किए जाएंगे। इसमें 26 खेल प्रतियोगिताओं को शामिल किया गया है। भारतीय टीमें 16 प्रतियोगिताओं यथा तीरंदाजी, एथलेटिक्‍स, बैडमिन्‍टन, बॉक्‍सिंग, जिम्‍नास्‍टिक्‍स, हॉकी, जुडो, नौकायन और निशानेबाजी, टेबल टेनिस, टेनिस, भारोत्‍तोलन और कुश्‍ती आदि में भाग लेगी।

ટિપ્પણીઓ નથી: